नई दिल्ली, 28 नवंबर: इटियाथोक क्षेत्र के जयप्रभा गांव स्थित जानकीनगर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम बनकर उभरा। महंत आलोक दास जी महाराज के संयोजन एवं आयोजन में संपन्न इस भव्य धार्मिक आयोजन में नौ दिनों तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। कथा, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न धार्मिक गतिविधियों ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया।
चिन्मय ग्रामोदय विद्या मंदिर इंटर कॉलेज एवं पंडित दीनदयाल शोध संस्थान परिसर में आयोजित इस महोत्सव में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग शामिल हुए। प्रतिदिन आयोजित श्रीराम कथा में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, प्रेम, करुणा और धर्म के संदेश को आत्मसात किया।
महोत्सव के दौरान कथावाचक राजन जी महाराज ने श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से जीवन में सकारात्मक सोच, धैर्य, संयम और आत्मविश्वास का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि कथाएं केवल धार्मिक श्रवण का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ज्ञान, भक्ति और वैराग्य प्रदान करने के साथ जीवन को सही दिशा देने का कार्य करती हैं। प्रत्येक परिस्थिति को स्वीकार कर स्वयं को बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए। राम नाम का स्मरण मनुष्य के जीवन में शांति और कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।
आयोजन में देशभर से साधु-संतों और श्रद्धालुओं के पहुंच रहे हैं। देश-विदेश से आने वाले संतों के ठहरने के लिए करीब सौ कॉटेज बनाए गए हैं। इसके साथ ही पांच बड़े पंडाल भी तैयार किए गए हैं। जिले के श्रद्धालुओं के लिए पूरे जनपद में कई रूटों पर बसों की सुविधा दी गई हैं। आयोजन की खास बात यह है कि श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। प्रतिदिन भंडारे का आयोजन हो रहा, जिससे कथा में आने वाले श्रद्धालुओं को प्रसाद और भोजन उपलब्ध कराया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कथा परिसर में सीसीटीवी कैमरे, पुलिस और प्राइवेट सुरक्षा की मदद ली गई।
जयप्रभा ग्राम में हो रही राम कथा में पहले दिन से ही दिग्गजों का जमावड़ा लग रहा है। कथा के पहले से ही बाबा रामदेव कथा स्थल में प्रवास कर रहे हैं। इसके साथ ही पहले ही दिन कथा में पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की उपस्थिति रही, इसके अलावा मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री मोहन यादव, जगद्गुरु महामंडलेश्वर संतोष दास उर्फ सतुआ बाबा,महंत राजकुमार दास, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक पल्टूराम, विधायक प्रतीक भूषण सिंह समेत कई अन्य विधायक पहुंच चुके हैं, इसके अलावा कार्यक्रम में पहुंचे डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने महंत आलोक दास जी महाराज के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। महंत आलोक दास जी महाराज ने भी कहा कि उनका उद्देश्य धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज को भारतीय परंपराओं, संस्कारों और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है।
नौ दिवसीय श्रीराम कथा विश्राम के बाद दो दिवसीय विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कई विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं, मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अपनी प्रतिभा के माध्यम से दर्शकों का दिल जीत लिया। पंडाल में मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। महंत आलोक दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उनसे मुलाकात की और बच्चों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में उनके साथ सेल्फी लेने का विशेष उत्साह देखने को मिला, सभी प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा का उत्साहवर्धन भी किया गया।
महोत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भोजपुरी गायक पवन सिंह और गायिका अर्पिता दीक्षित की भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। उनके भजनों और भक्तिमय गीतों पर पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। मुंबई से पहुंचे अभिनेता वर्धमान सिंह ने भी मंच पर पहुंचकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर शाम तक भक्तिरस में सराबोर रखा। इस अवसर पर महंत आलोक दास जी महाराज ने पवन सिंह को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं आयोजन में शामिल अन्य कलाकारों और अतिथियों का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन भी कई प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ, कीर्तिदान गढ़वी की मनमोहक प्रस्तुति ने लोगों झूमने पर मजबूर कर दिया वही भजन सम्राट अनूप जलोटा की विशेष प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। 28 नवंबर को विशेष और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है। कथा का प्रसारण आस्था चैनल और आलोक दास जी महाराज के यूट्यूब चैनल के माध्यम से भी किया गया, जिससे देश-विदेश में बैठे श्रद्धालु इस आध्यात्मिक आयोजन से जुड़ सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कथा पंडाल तक आने-जाने हेतु निःशुल्क बस सेवा भी उपलब्ध कराई गई।
नौ दिनों तक चले इस भव्य श्रीराम कथा महोत्सव ने जयप्रभा गांव को आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का केंद्र बना दिया। महंत आलोक दास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव ने यह संदेश दिया कि धार्मिक आयोजन केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को संस्कार, सेवा, सद्भाव और अपनी संस्कृति से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी हैं।
(The article has been published through a syndicated feed. Except for the headline, the content has been published verbatim. Liability lies with original publisher.)
महिला सशक्तीकरण केवल सामाजिक विकास का विषय नहीं, बल्कि एक समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त समाज…
स्थानीय निवासियों ने सफाई, जल निकासी और कथित अतिक्रमण की समस्याओं पर प्रशासन से तत्काल…
Reporting by PA Media London (PA Media/dpa) - So often, ivy gets a bad press from people…
जयपुर (राजस्थान), 27 नवंबर: विप्र सेवा संघ अपने 10वें स्थापना दिवस के मौके पर जयपुर…
Reporting by PA Media London (PA Media/dpa) - If you’re lucky enough to have a spare bedroom,…
फेफड़ों के कैंसर जागरूकता माह के मौके पर, ऑनकेयर कैंसर हॉस्पिटल बता रहा है कि…