गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में भावुक हुईं शैल जीजी, हजारों कार्यकर्ताओं की आंखें नम

हरिद्वार (उत्तराखंड) [भारत], 24 नवंबर: अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम में उस समय माहौल भावुक हो गया, जब श्रद्धेया शैल जीजी ने मंच से कार्यकर्ताओं को विदाई संदेश दिया। पंडाल में बैठे हजारों कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो गईं और कई लोग आंसू पोंछते दिखे। जीजी ने कहा, “आप जाएं, शरीर से जाएं, लेकिन मन यहीं छोड़कर जाएं।”

‘यह मिशन ऐसे लोगों का ऋणी रहेगा’

शैल जीजी ने उन कार्यकर्ताओं को याद किया, जिन्होंने कष्ट और कठिनाइयों के बीच मिशन को जीवंत रखा। उन्होंने कहा कि ये लोग दूर-दूर तक, जहां अपना कोई नहीं था, वहां पहुंचे और गुरुदेव का संदेश लोगों तक ले गए। उनके शब्द थे, “यह मिशन ऐसे लोगों का ऋणी रहेगा।”

बच्चे के दूध के पैसे बचाकर भेजा अंशदान

जीजी ने एक बहन की चिट्ठी का प्रसंग सुनाया, जिसे सुनकर पंडाल में सन्नाटा छा गया। उस बहन ने गुरुदेव को लिखा था कि उसके पास आय का कोई साधन नहीं है, लेकिन वह चाहती है कि यह मिशन हजारों वर्ष तक जीवंत रहे। उसने अपने बच्चे के दूध के पैसे रोककर थोड़ी-सी जमा पूंजी मिशन के लिए भेजी थी।

जीजी ने बताया कि वह पूंजी आज भी मिशन में सुरक्षित है। उन्होंने कहा, “ये ऐसे लोग थे, जिन्होंने मिशन को जीवंत रखा।”

महीने भर से सेवा में जुटे स्वयंसेवकों का जिक्र

उन्होंने आयोजन की तैयारियों में लगे स्वयंसेवकों का भी उल्लेख किया। जीजी ने कहा कि कई लोग महीने भर पहले से आकर खुदाई कर रहे हैं, कई चौके में समयदान दे रहे हैं और कई बिजली-पानी की व्यवस्था संभाल रहे हैं। उनके मुताबिक ये लोग दिन-रात इसी चिंता में रहते हैं कि दूसरों को असुविधा न हो, चाहे खुद खा पाएं या न खा पाएं।

इसी क्रम में उन्होंने कहा कि माताजी भी हमेशा अपने बच्चों को अपने निकट ही देखती रहीं।

‘न शांतिकुंज आपको भूलेगा, न आप भूल पाएंगे’

संबोधन के अंत में जीजी ने गुरुदेव के शब्द दोहराए। उन्होंने बताया कि गुरुदेव कहा करते थे कि उनका मन उन बच्चों का हमेशा आभारी है, जिन्होंने कभी प्यार का एक शब्द भी उन्हें दिया, और वे अपने जीवन का सर्वस्व ऐसे बच्चों पर न्योछावर कर देना चाहते हैं।

जीजी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे यहां से जाकर अपने संकल्पों को पूरा करें। उन्होंने कहा, “न शांतिकुंज आपको भूलेगा, न आप भूल पाएंगे।” उन्होंने कामना की कि एक-दूसरे के प्रति यह समर्पण और प्यार अक्षुण्ण बना रहे और भगवान सबकी भावनाओं को साकार करे।

पीले वस्त्रों में बैठे कार्यकर्ता पूरे संबोधन के दौरान भावुक दिखे। कई लोग हाथ जोड़े बैठे रहे, तो कई अपने आंसू नहीं रोक पाए।

क्या है शताब्दी समारोह

यह संबोधन हरिद्वार में 21 और 22 नवंबर को हुए दो दिवसीय शताब्दी समारोह में दिया गया, जो शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। गायत्री परिवार यह वर्ष तीन शताब्दियों के संगम के रूप में मना रहा है: संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी, अखंड दीप के 100 वर्ष और गुरुदेव पं. श्रीराम शर्मा आचार्य की साधना के 100 वर्ष।

40 देशों से पहुंचे परिजन

आयोजकों ने समारोह में भारत और 40 देशों से 24 हजार से अधिक परिजनों और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की जानकारी दी थी। देशभर में गायत्री परिवार के 5,590 से अधिक केंद्रों के कार्यकर्ता भी आयोजन से जुड़े। समारोह शनिवार को मंत्रोच्चारण, शंखनाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ शुरू हुआ था।

संतों और अतिथियों की मौजूदगी

पहले दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत समारोह में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। दूसरे दिन आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने गायत्री परिवार के कार्यों की सराहना की।

दलनायक डॉ. चिन्मय पण्ड्या के मुताबिक समारोह का उद्देश्य केवल गुरुदेव और माताजी का स्मरण नहीं, बल्कि उनके विचारों को सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में उतारना है। सामाजिक समरसता, नशामुक्त भारत, संस्कारयुक्त समाज और युवा शक्ति का जागरण समारोह के प्रमुख विषय रहे।

दिल्ली के बाद हरिद्वार

इससे पहले 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में शताब्दी समारोह हुआ था, जहां सामूहिक प्रज्ञा योग का रिकॉर्ड बना। हरिद्वार का आयोजन इसी शृंखला की अगली कड़ी था, जिसके बाद कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों को लौटे।

(The article has been published through a syndicated feed. Except for the headline, the content has been published verbatim. Liability lies with original publisher.)

Inkhabar webdesk

Share
Published by Inkhabar webdesk

Recent Posts

Transplant tourism: Vietnam bans foreigners from organ waiting lists

Hanoi (dpa) – Vietnam’s National Assembly has passed a law barring foreign nationals from registering…

1 day ago

Families warned off reflex use of antibiotics amid rise of resistance

Paris (dpa) - Parents are being asked to carefully consider whether an unwell child needs antibiotics…

1 day ago

Does drinking tea every day lower your risk of heart disease?

Beijing (dpa) - Drinking six to eight cups of tea daily may help reduce the…

1 day ago

सिकंदरा में अक्षय कुमार कटियार के नेतृत्व में निकली राष्ट्रीय एकता एवं संकल्प यात्रा वाहन रैली

नई दिल्ली, 2 नवंबर: सिकंदरा विधानसभा (207) में सशक्त भारत – विकसित भारत के संकल्प…

2 days ago